जौनपुर के प्रणवम् स्कूल में गांधी पुस्तक मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का उद्घाटन शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष आरिफ खान और सभासद शाहनवाज मंजूर ने किया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए। मुख्य अतिथि आरिफ खान और विशिष्ट अतिथि शाहनवाज मंजूर ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण कर और फीता काटकर मेले का विधिवत उद्घाटन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने अतिथियों का अंगवस्त्रम और गांधीजी का छायाचित्र भेंट कर स्वागत किया। पुस्तक मेले में महात्मा गांधी के जीवन,विचारों और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान से संबंधित अनेक प्रेरणादायक पुस्तकों की प्रदर्शनी लगाई गई थी। विद्यार्थियों ने इन पुस्तकों का अध्ययन किया और गांधीजी के सिद्धांतों जैसे सत्य,अहिंसा,स्वदेशी तथा आत्मनिर्भरता पर आधारित चर्चा में सक्रिय रूप से भाग लिया।
इस दौरान 'अहिंसा परमो धर्मः' और 'सत्य ही शक्ति है' जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। मुख्य अतिथि आरिफ खान ने अपने संबोधन में कहा कि गांधीजी के विचार आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं जितने स्वतंत्रता संग्राम के समय थे। उन्होंने ऐसे आयोजनों को बच्चों में देशभक्ति और नैतिक मूल्यों का संचार करने वाला बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जौनपुर कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार सिंह ने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि किताबें हमारी सबसे अच्छी दोस्त होती हैं,जो हमें नए सपनों की उड़ान देती हैं। विद्यालय की प्रधानाचार्या सिल्जा प्रमोद ने भी बच्चों को गांधीजी के विचारों को जीवन में अपनाने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम का समापन गांधीजी के प्रिय भजन 'रघुपति राघव राजा राम' के गायन के साथ हुआ।
इस आयोजन में सुनीता सोनी,पंकज सिंह,पंकज मणि तिवारी, दिव्या तिवारी, शीतल मिश्रा, प्रियंका सिंह,आकांक्षा मिश्रा, प्रतिभा यादव,अर्चना सिंह, रेनू तिवारी,साक्षी तिवारी,निशा बानो,किरन दूबे, निशू मौर्या सहित कई अध्यापक उपस्थित रहे। सभी अध्यापकों ने राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम का संचालन विजय शंकर दूबे ने किया।